पत्थर कुदवा: पत्थरों के ढेर में आज भी जीवित है झारखंड की सदियों पुरानी लोक आस्था
मंगलमय यात्रा की कामना के साथ राहगीर रखते हैं पत्थर, कई गांवों और स्थानों की पहचान भी इसी परंपरा से जुड़ी
रांची, 26 नवंबर। झारखंड की पहचान केवल घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और खनिज संपदा तक सीमित नहीं है। यहां की मिट्टी में सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत, लोकविश्वास और अनूठी परंपराएं भी रची-बसी हैं। आधुनिकता के दौर में जहां कई पुरानी परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त हो रही हैं, वहीं राज्य के ग्रामीण इलाकों में आज भी लोक आस्था की एक अनूठी परंपरा कायम है। इसे स्थानीय स्तर पर ‘पत्थर कुदवा’ के नाम से जाना जाता है।
चतरा, लातेहार, हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों में इस परंपरा के निशान आज भी देखे जा सकते हैं। पुराने समय में जब आवागमन के साधन सीमित थे और लोग लंबी दूरी की यात्रा पैदल तय करते थे, तब राहगीर अपनी यात्रा के सकुशल और मंगलमय होने की कामना के साथ रास्ते के किनारे एक पत्थर रख देते थे। लोकमान्यता के अनुसार, अनजान स्थान या दूसरे गांव की यात्रा पर निकलते समय लोग वन देवी से सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना करते थे। सकुशल लौटने पर उसी स्थान पर पत्थर चढ़ाकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते थे।
राहगीरों के पत्थरों से बन गए बड़े-बड़े टीले
समय के साथ राहगीरों द्वारा लगातार पत्थर रखने की यह परंपरा आगे बढ़ती गई। एक के बाद एक पत्थर जुड़ते गए और सड़क किनारे बड़े-बड़े ढेर या टीले बन गए। चतरा जिले के सिमरिया, पत्थलगड़ा, गिद्धौर और टंडवा से लेकर लातेहार जिले के बालूमाथ सहित कई इलाकों में ऐसे पत्थरों के ढेर आज भी दिखाई देते हैं। खास बात यह है कि अब चारपहिया और दूसरे वाहनों से गुजरने वाले लोग भी इन स्थानों को देखकर श्रद्धा से शीश नवाते हैं।
आस्था के प्रतीकों को बचाने के लिए बदल दिया रास्ता
ग्रामीणों के बीच इन पत्थरों के ढेर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। कई जगहों पर इन्हें हटाने के बजाय इनके बगल से रास्ता बना दिया गया, ताकि आस्था के ये प्रतीक सुरक्षित रह सकें। झारखंड के कुछ इलाकों में ऐसे पत्थरों के ढेर के कारण स्थानों और गांवों के नाम भी प्रचलित हुए हैं। रांची शहर में भी एक स्थान पत्थर कुदवा के नाम से जाना जाता है। कोडरमा सहित अन्य जिलों में भी इस परंपरा से जुड़े स्थल और नाम मिलते हैं।
लोक आस्था और सामुदायिक स्मृतियों से जुड़ी परंपरा
चर्चित लेखक और मेगालिथ शोधकर्ता सुभाषित दास के अनुसार, झारखंड में पत्थर रखने की परंपरा सदियों पुरानी है। राहगीरों द्वारा लगातार पत्थर रखे जाने से धीरे-धीरे बड़ा माउंड यानी पत्थरों का टीला बन जाता है। ग्रामीणों की इन स्थलों के प्रति विशेष आस्था रहती है। यही वजह है कि इन्हें हटाने के बजाय संरक्षित रखा जाता है। उनके मुताबिक, यह परंपरा झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आचार्य चेतन पांडेय बताते हैं कि आज भी झारखंड के अनेक स्थानों पर ऐसे पत्थरों के ढेर दिखाई देते हैं। लोग वहां पत्थर चढ़ाते हैं और शीश नवाते हैं। कई जगहों पर दो गांवों की सीमा निर्धारित करने के लिए भी पत्थरों का इस्तेमाल किया जाता था। गांव की सीमा पर रखे गए पत्थर समय के साथ बड़े ढेर का रूप ले लेते थे। ग्रामीणों के बीच इन स्थानों का महत्व किसी तीर्थस्थल से कम नहीं होता। कुछ लोग इन्हें वन देवी की कृपा से जोड़ते हैं, तो कुछ ग्राम देवता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक मानते हैं।
बदलते समय में भी कायम है लोकविश्वास
‘पत्थर कुदवा’ केवल पत्थर रखने का सामान्य चलन नहीं है, बल्कि यह झारखंड के जनजीवन, लोकविश्वास, धार्मिक आस्था और सामुदायिक स्मृतियों से जुड़ी परंपरा है। बदलते दौर में भी इसका कायम रहना बताता है कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत आज भी गांवों की मिट्टी और लोगों की जीवनशैली में गहराई से समाई हुई है। पत्थरों के ये ढेर राहगीरों की आस्था के साथ-साथ झारखंड के अतीत और लोकसंस्कृति की कहानी भी बयां करते हैं।
