SIR पर बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा, पूछा- मतदाता सूची से हटे सभी लोग क्या घुसपैठिये थे?
प्रारूप मतदाता सूची में 43.62 लाख नाम कम होने का पेश किया आंकड़ा, बोले- योग्य मतदाताओं का नाम नहीं कटना चाहिए, सरकार चुनाव आयोग का करे सहयोग
रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस जारी है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में एसआइआर के विरोध में लाये गये प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने वाले सभी लोग घुसपैठिये नहीं हो सकते। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन इसके लिए एसआइआर की प्रक्रिया का विरोध करने के बजाय राज्य सरकार को चुनाव आयोग का सहयोग करना चाहिए।
2.64 करोड़ से घटकर 2.21 करोड़ रह गये मतदाता
बाबूलाल मरांडी ने सदन में मतदाता सूची के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि एसआइआर से पहले झारखंड में कुल 2,64,63,236 मतदाता थे। प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 2,21,01,249 रह गयी। इस तरह सूची में करीब 43.62 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज की गयी।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 7,63,903 मतदाता मृत पाये गये। वहीं, 15,92,194 मतदाता स्थायी रूप से झारखंड से बाहर जा चुके हैं। 4,38,596 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज मिले, जबकि 14,50,810 मतदाताओं का पता नहीं चल पाया।
मरांडी ने सवाल उठाया कि इन आंकड़ों को समझे बिना सभी हटाये गये नामों को घुसपैठियों से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआइआर को लेकर तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए।
आजादी के बाद कई बार हो चुका है विशेष पुनरीक्षण
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश में आजादी के बाद से कई बार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने 1952-56, 1957-60, 1961, 1965, 1983, 1987, 1993, 1995 और 2004 में हुए पुनरीक्षण का उल्लेख किया। उनके अनुसार, एसआइआर कोई नयी प्रक्रिया नहीं है, इसलिए इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय इसके उद्देश्य को समझना चाहिए।
अधिकारियों की जिम्मेदारी से सरकार नहीं बच सकती
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एसआइआर की प्रक्रिया में राज्य सरकार के अधिकारी भी शामिल हैं। एसडीओ, सीओ समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी इस काम में लगे हुए हैं। ऐसे में दस्तावेज जमा करने या अन्य प्रक्रियाओं में मतदाताओं को परेशानी होने पर राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
उन्होंने सरकार से स्थानीय भाषाओं में जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने की मांग की। उनका कहना था कि मतदाताओं को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
एसआइआर का विरोध नहीं, सहयोग करे सरकार
मरांडी ने कहा कि वह भी चाहते हैं कि किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे। लेकिन इसके लिए एसआइआर का विरोध करने के बजाय सरकार को चुनाव आयोग के साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने सरकार से अधिकारियों को प्रक्रिया में सहयोग करने और मतदाताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रमुख आंकड़े एक नजर में
| विवरण | मतदाताओं की संख्या |
|---|---|
| एसआइआर से पहले | 2,64,63,236 |
| प्रारूप सूची में | 2,21,01,249 |
| मृत मतदाता | 7,63,903 |
| स्थायी रूप से बाहर गये | 15,92,194 |
| एक से अधिक जगह नाम | 4,38,596 |
| पता नहीं चला | 14,50,810 |
