एचईसी में प्रिंटर खराब, नहीं छपी कामगारों की पे-स्लिप; वेतन भुगतान पर असमंजस बरकरार
आउटसोर्सिंग के जरिए पे-स्लिप छपवाने की तैयारी, ईएमआई के मुद्दे पर बैंक से बात करेंगे एडमिनिस्ट्रेटर; वेतन भुगतान को लेकर बुधवार को हो सकती है स्थिति स्पष्ट
रांची। हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (एचईसी) में वेतन भुगतान को लेकर कामगारों और पदाधिकारियों की चिंता अब भी बरकरार है। मंगलवार को प्रिंटर खराब होने के कारण कर्मचारियों की पे-स्लिप नहीं छप सकी। अब प्रबंधन आउटसोर्सिंग के माध्यम से पे-स्लिप छपवाने की व्यवस्था करने की तैयारी में है। दूसरी ओर, वेतन भुगतान की अवधि और व्यक्तिगत ऋण की ईएमआई को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
राष्ट्रीय संगठन सचिव इंटक सह हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने मंगलवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष आयोजित सभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में मंगलवार को अवकाश होने के कारण अपीलीय न्यायालय में मामला दाखिल नहीं किया जा सका। अब बुधवार को केस दाखिल किए जाने की संभावना है।
लीलाधर सिंह के अनुसार, एचईसी के एडमिनिस्ट्रेटर एस. गोपालकृष्णन ने बताया है कि छह से 24 नवंबर 2026 तक की अवधि का वेतन बैंक के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। हालांकि, इससे पहले की अवधि का वेतन भुगतान नहीं होगा। व्यक्तिगत ऋण लेने वाले कामगारों की ईएमआई से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए एडमिनिस्ट्रेटर बुधवार को बैंक जाएंगे।
रक्षा राज्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
सभा को संबोधित करते हुए बीएमएस नेता विकास तिवारी ने बताया कि एचईसी की समस्याओं को लेकर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि संजय सेठ ने बीएमएस के दो प्रतिनिधियों के साथ केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री से मुलाकात कर एचईसी की समस्याओं का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। साथ ही केंद्रीय श्रम मंत्री से भी मुलाकात कराने की बात कही गई है। श्रम मंत्री ने भी उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
27 नवंबर को दिल्ली जाएंगे लीलाधर सिंह
विकास तिवारी ने बताया कि एचईसी की समस्याओं को लेकर लीलाधर सिंह 27 नवंबर को दिल्ली जाएंगे। वहीं, अन्य नेता एक-दो दिसंबर को दिल्ली रवाना होंगे। वहां संबंधित केंद्रीय मंत्रियों और अधिकारियों के समक्ष कंपनी की समस्याओं को उठाया जाएगा।
सभा की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की। इस अवसर पर एसजे मुखर्जी, आरके शाही, गिरीश कुमार चौहान, राजेंद्रकांत महतो, धनंजय श्रीवास्तव, राममोहन बैठा और सुधीर मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित थे।
