हजारीबाग

हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; तीसरा गंभीर

अज्ञात वाहन के चकमा देने से डिवाइडर से टकराई बाइक, सिरमा गांव में पसरा मातम

हजारीबाग। जिले के चौपारण प्रखंड में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मलीकाना के समीप कारी पहाड़ी के पास सिंघरावां रोड पर हुआ। मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी पीयूष यादव, पिता प्रकाश यादव और अमित यादव, पिता दिलीप यादव के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान अमन के रूप में बताई गई है।

अज्ञात वाहन के चकमा देने से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सिंघरावां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें चकमा दे दिया। इससे बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीयूष और अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।

दो युवकों की मौत से गांव में मातम

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने घायल युवक की मदद के लिए पहल की। वहीं, दो युवकों की मौत की खबर सिरमा गांव पहुंचते ही मातम छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक साथ दो युवकों की असामयिक मौत से सिरमा गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और अज्ञात वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *