रांची

अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी ने जताया शोक, बोले- मां का जाना अपूरणीय क्षति

रांची। भाजपा के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और अर्जुन मुंडा समेत पूरे परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

हेमंत सोरेन बोले- मां का निधन अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की मां के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बाबूलाल मरांडी बोले- मां का सिर पर हाथ होना देता है हिम्मत

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस खबर से उन्हें काफी पीड़ा हुई है। अर्जुन मुंडा के शब्दों में मां को खोने का दर्द साफ झलकता है।

मरांडी ने मां के स्नेह और जीवन में उनके महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इंसान की उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, मां का सिर पर हाथ रख देना ही यह भरोसा देता है कि जीवन की हर मुश्किल संभल जाएगी।

उन्होंने दिवंगत माता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *