गांव-गांव चौपाल लगाएगी कांग्रेस, 29 नवंबर से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की शुरुआत
15 दिसंबर तक चलेगा जनसंपर्क अभियान, मतदाता सूची में नामों का होगा सत्यापन; 26 नवंबर के संविधान रक्षा मार्च में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
चाईबासा। संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस अब गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिले के विभिन्न गांवों में चौपाल आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में नाम की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। साथ ही हटाए गए या अनुपस्थित चिह्नित मतदाताओं के नाम का सत्यापन भी किया जाएगा।
रविवार को कांग्रेस भवन चाईबासा में जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक हुई। बैठक में जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई।
संविधान और मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता : सोनाराम सिंकु
बैठक को संबोधित करते हुए सोनाराम सिंकु ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर मतदाताओं के बीच पहुंच बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की जरूरत है।
26 नवंबर को रांची में संविधान रक्षा मार्च
सोनाराम सिंकु ने 26 नवंबर को रांची में प्रस्तावित राज्यस्तरीय संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम जिले से अधिक से अधिक कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में लगेगी चौपाल
जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को व्यापक जनअभियान बनाने की जरूरत है। बैठक में तय किया गया कि 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिले के अलग-अलग गांवों में चौपाल लगाई जाएगी। इसके माध्यम से मतदाताओं को मतदान के अधिकार, मतदाता सूची में नाम की स्थिति और इससे जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। बूथ स्तर पर हटाए गए अथवा अनुपस्थित चिह्नित मतदाताओं के नाम का सत्यापन भी किया जाएगा।
बैठक में कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
बैठक में विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर दास, मायाधर बेहरा, राम सिंह सावैयां, सह प्रभारी नितिमा बारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, सूरज मुखी, प्रीतम बांकिरा, पुरुषोत्तम दास पान, लक्ष्मण हासदा, कैरा बिरुवा, जय प्रकाश महतो और इम्तियाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
