रांची में धूमधाम से मना श्री श्याम बाबा का जन्मोत्सव, छप्पन भोग और भजनों में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
रांची: हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को श्री श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। बारिश की फुहारों के बीच सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु कतार में खड़े रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर और हरमू रोड भक्तों से गुलजार रहा। जन्मोत्सव पर बाबा का भव्य दरबार सजाया गया और छप्पन भोग अर्पित किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और आरती का सिलसिला चलता रहा।
भव्य श्रृंगार के साथ सजा बाबा श्याम का दरबार
सुबह 5 बजे मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। इसके बाद सुबह 6 बजे बाबा श्याम के दरबार को पर्दे से ढककर विशेष श्रृंगार की तैयारी की गई। मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा का दिव्य दरबार सजाया गया।
सुबह 8:30 बजे श्रृंगार आरती हुई। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपनी अरदास लगाई। आरती के बाद भक्तों की ओर से फल, पंचमेवा और विभिन्न प्रकार के महाभोग अर्पित किए गए।
छप्पन भोग और फल महाभोग की लगी सेवा
जन्मोत्सव के अवसर पर सौरभ चौधरी और रोहन मिंज ने फल महाभोग सेवा की। चेतन और कमलेश शर्मा के परिवार ने विशेष प्रसाद सेवा, अभिषेक वात्स एवं संगीता देवी ने फल सेवा तथा विनय प्रसाद और नवीन अग्रवाल ने पंचमेवा सेवा अर्पित की।
इसके अलावा अन्य श्रद्धालुओं ने भी बाबा को फल और विभिन्न प्रकार के प्रसाद निवेदित किए। दोपहर 12:15 बजे की आरती तक मंदिर परिसर और हरमू रोड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति ऐसी थी कि लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी।
साल में एक दिन होती हैं बाबा की सात आरतियां
श्याम जयंती के अवसर पर मंदिर में पूरे वर्ष में केवल इसी दिन बाबा श्याम की सात आरतियां आयोजित की जाती हैं। आरती का समय सुबह 5:30 बजे, सुबह 8:30 बजे, दोपहर 12:15 बजे, शाम 7 बजे, रात 8:30 बजे, रात 12 बजे और देर रात 2 बजे निर्धारित किया गया था।
इन सात आरतियों में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अखंड ज्योति प्रज्वलित कर शुरू हुआ भजन-कीर्तन
श्याम जयंती महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम रात 9:30 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले मंडल के सहयोगी परिवार की श्रीमती तारा देवी कटारुका, राजेश कटारुका और प्रकाश कटारुका ने परिवार सहित बाबा श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की।
इसके बाद मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री पंकज, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, अनुज मोदी और प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भजन कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान राजेश कटारुका और पवन झुनझुनवाला ने बाबा को मंदिर में निर्मित छप्पन भोग अर्पित किया। दिनेश अग्रवाल और जयश्री शर्मा ने फल सेवा तथा काली सिंघानिया ने विशेष प्रसाद सेवा निवेदित की।
गोरखपुर की शिप्रा सलोनी ने भजनों से बांधा समां
जन्मोत्सव समारोह में गोरखपुर से आईं भजन गायिका शिप्रा सलोनी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से दिनभर और रातभर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और गर्म चाय की व्यवस्था की गई थी। प्रसाद वितरण की व्यवस्था मंडल के मंत्री पंकज गड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, आदित्य लोहिया, प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल और श्याम सेवक अमित शर्मा के सानिध्य में की गई।
मध्यरात्रि में केक का भोग, आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ उत्सव
रात 12 बजे बाबा श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर में निर्मित मावा केक का भोग लगाया गया। इस अवसर पर मंदिर के बाहर ट्रेड फ्रेंड्स की ओर से आकर्षक आतिशबाजी की व्यवस्था की गई थी।
देर रात 2 बजे की अंतिम आरती के साथ श्याम बाबा का जन्मोत्सव समारोह संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही। इसकी जानकारी श्री श्याम मित्र मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।
