रांची

इंदिरा गांधी और सीताराम केसरी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं के योगदान को किया याद

रांची, 19 नवंबर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम केसरी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को पूरी दुनिया नारी शक्ति और सशक्त नेतृत्व के प्रतीक के रूप में जानती है। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने सहित उनके कई ऐतिहासिक फैसलों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सर्वधर्म समभाव और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों को मजबूती प्रदान की।

वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के उस कथन को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मैं रहूं या न रहूं, मेरा एक-एक कतरा देश के काम आएगा।’ उन्होंने कहा कि उनका यह संदेश आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है।

वहीं, सीताराम केसरी के राजनीतिक जीवन और संगठन के प्रति उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एक साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और अपनी निष्ठा, संघर्ष तथा संगठनात्मक क्षमता के बल पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचे। उनका जीवन समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, कुमार गौरव, केके गिरि, राजन वर्मा, ज्योति सिंह मथारू, उमेश चौधरी, मनोज सहाय पिंकू, नेली नाथन, जगदीश साहू, सुरेन राम, जितेंद्र त्रिवेदी, कमल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *