Home

शिक्षा से ही होगा विकसित समाज का निर्माण : विधायक सुदीप गुड़िया

तिरला राजकीय मध्य सह उच्च प्लस टू विद्यालय का शताब्दी समारोह आयोजित, विधायक ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खूंटी, 19 नवंबर। तोरपा प्रखंड के तिरला स्थित राजकीय मध्य सह उच्च प्लस टू उच्च विद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

शिक्षा और संस्कार से समाज निर्माण में विद्यालय का योगदान

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान का 100 वर्ष पूरे करना ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। तिरला उच्च विद्यालय की शताब्दी यात्रा केवल एक संस्थान का इतिहास नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार, सामाजिक जागरूकता और कई पीढ़ियों के सपनों को साकार करने की गौरवगाथा है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय ने एक शताब्दी से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार देकर समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिक्षा सामाजिक बदलाव, समान अवसर और सशक्त समाज के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, पूर्ववर्ती विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्थानीय लोगों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह के अवसर पर पौधारोपण करना पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। विधायक ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को नमन करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय आने वाले वर्षों में भी शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

कई जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी रहे मौजूद

समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, प्रमुख रोहित सुरीन, उप प्रमुख संतोष कर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *