चियांकी एयरपोर्ट से जल्द शुरू हो सकती है हवाई सेवा, सांसद वीडी राम ने राज्य सरकार से मांगा सहयोग
पलामू और गढ़वा के लोगों को मिलेगी हवाई कनेक्टिविटी, उड़ान योजना के आगामी चरण में एयरपोर्ट को शामिल कराने की पहल तेज
पलामू। पलामू और गढ़वा के लोगों के लिए हवाई सेवा शुरू कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित वाणिज्यिक उड़ानों के परिचालन को लेकर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने झारखंड सरकार से सहयोग मांगा है। सांसद ने रांची में परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर एयरपोर्ट की मौजूदा समस्याओं को दूर करने और इसे केंद्र सरकार की उड़ान योजना के आगामी चरण में शामिल कराने पर चर्चा की।
सांसद ने कहा कि चियांकी एयरपोर्ट को आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत विकास और क्षेत्रीय उड़ानों के परिचालन के लिए चिह्नित किया गया था। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अब तक इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है।
उड़ान योजना के अगले चरण में शामिल कराने की तैयारी
सांसद विष्णु दयाल राम के अनुसार, उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट के विस्तार पर होने वाला खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। ऐसे में राज्य सरकार क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी की जरूरत को देखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित कर सकती है।
उन्होंने राज्य सरकार से आवश्यक भूमि और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया है, ताकि एयरपोर्ट को आगामी चरण में शामिल कराने का रास्ता साफ हो सके।
एयरपोर्ट पर मिलीं कई खामियां, सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
सांसद ने बताया कि चियांकी एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान कई बुनियादी कमियां सामने आई हैं। एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहचान से संबंधित सूचना बोर्ड तक नहीं लगा है। इसके अलावा एप्रन और रनवे में पेवमेंट का काम भी शुरू नहीं हुआ है।
एयरपोर्ट की पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में पांच से छह स्थानों पर दीवार टूटी हुई है। परिसर का अनधिकृत इस्तेमाल किए जाने की भी जानकारी मिली है। वहां भैंसें बांधी जा रही हैं, गोबर जमा किया जा रहा है और सब्जियों की खेती की जा रही है। वहीं, नवनिर्मित चहारदीवारी को भी अज्ञात लोगों ने करीब 4×5 फीट के हिस्से में क्षतिग्रस्त कर दिया था। हालांकि, संबंधित संवेदक ने उसकी मरम्मत करा दी है।
वित्त मंत्री ने निरीक्षण का दिया आश्वासन
एयरपोर्ट की इन समस्याओं को लेकर सांसद ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी मुलाकात कर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह पलामू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ चियांकी एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। साथ ही निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को दूर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हवाई सेवा शुरू होने से बढ़ेंगे व्यापार और रोजगार के अवसर
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि चियांकी एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ान शुरू होना पलामू और गढ़वा के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने राज्य सरकार से एयरपोर्ट के विकास में तेजी लाने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया है। सांसद के निजी सचिव ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी।
