राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स में झारखंड के सुभाष उरांव का जलवा, 800 और 1500 मीटर में जीते दो रजत पदक
शिवपुरी में आयोजित अंडर-17 बालक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, 800 मीटर में 1:55.85 और 1500 मीटर में 4:03.38 मिनट का समय किया दर्ज
रांची, 16 नवंबर। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) 2026-27 में झारखंड के एथलीट सुभाष उरांव ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सुभाष ने 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
सुभाष ने 1500 मीटर दौड़ के फाइनल में 4 मिनट 03.38 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले 15 नवंबर को आयोजित 800 मीटर दौड़ के फाइनल में भी उन्होंने 1 मिनट 55.85 सेकंड का समय दर्ज करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था। इस तरह एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो व्यक्तिगत रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया।
कोच और टीम मैनेजर के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन
झारखंड एथलेटिक्स दल के टीम मैनेजर ज्ञान प्रकाश ठाकुर और कोच रामानंद घोष के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। सुभाष की इस उपलब्धि को राज्य के स्कूली खेलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
सुभाष उरांव की दोहरी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार और राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने सुभाष के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
