रांची

गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता की आराधना का पर्व, गौ-संरक्षण एवं सेवा का देता है संदेश : संजय सर्राफ

17 नवंबर को मनाई जाएगी गोपाष्टमी, भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला से जुड़ी है पर्व की धार्मिक मान्यता

रांची। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गौमाता को सुख, समृद्धि, शांति, पोषण और समस्त देवशक्तियों का प्रतीक माना जाता है। इसी धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यता के साथ कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जाता है। इस वर्ष गोपाष्टमी 17 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी।

संजय सर्राफ ने कहा कि गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष अवसर है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन बालकृष्ण ने अपने बड़े भाई बलराम के साथ पहली बार बछड़ों के बजाय गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वे बछड़ों की देखभाल किया करते थे। इसी प्रसंग के बाद भगवान श्रीकृष्ण गोपाल और गोविंद के नाम से प्रसिद्ध हुए।

भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला से जुड़ा है पर्व

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण बचपन से ही गायों और बछड़ों से विशेष स्नेह रखते थे। वे अपने सखाओं के साथ वन में जाकर बछड़ों को चराते और उनकी देखभाल करते थे। जब श्रीकृष्ण और बलराम की आयु बढ़ी, तब नंद बाबा ने उन्हें गायों को चराने का दायित्व सौंपा। कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन दोनों भाई पहली बार गायों को चराने वन गए। इसी दिव्य प्रसंग की स्मृति में गोपाष्टमी मनाने की परंपरा शुरू हुई।

गौमाता की पूजा और सेवा का है विशेष महत्व

इस दिन श्रद्धालु सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं। गायों और बछड़ों को स्नान कराकर फूलों की माला पहनाई जाती है तथा माथे पर तिलक लगाया जाता है। धूप-दीप, अक्षत, पुष्प और आरती से गौमाता की पूजा की जाती है। उन्हें हरा चारा, गुड़, रोटी, फल और पौष्टिक आहार अर्पित किया जाता है। श्रद्धालु गौशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं और उनकी परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाते हैं।

गौ-संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश

संजय सर्राफ ने कहा कि गोपाष्टमी केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं है, बल्कि यह जीवों के प्रति करुणा, दया, प्रेम और सेवा की भावना विकसित करने का संदेश देता है। इस पर्व का उद्देश्य गौवंश के संरक्षण, संवर्धन, पालन-पोषण और निराश्रित गायों की सेवा के प्रति समाज को जागरूक करना है। आज जरूरत है कि लोग केवल धार्मिक अवसरों पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष गौमाता की सेवा और संरक्षण का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि संस्कृति और पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गोपाष्टमी हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाते हुए प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त जीवों के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देती है। यही इस पावन पर्व का वास्तविक उद्देश्य और मानव समाज के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *