खूंटी

उलिहातू से भाजपा की पदयात्रा शुरू, 15 नवंबर को कोकर में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि

खूंटी , 13 नवंबर । धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से उनकी जन्मस्थली उलिहातू स्थित बिरसा ओड़ा से पदयात्रा शुरू की गई। पदयात्रा दोपहर 1:35 बजे रूगड़ी पहुंची। सोयको में जलपान के बाद यात्रा खूंटी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 14 नवंबर को खूंटी से रवाना होकर पदयात्रा रांची पहुंचेगी। इसके बाद 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कोकर स्थित उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

पदयात्रा का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देना है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की ओर से जनजातीय समाज के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। भाजपा 11 से 18 नवंबर तक देश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, नीरा मुंडा, गीता कोड़ा, रविंद्र बड़ाईक, गंगोत्री कुजूर, रामकुमार पाहन, समीर उरांव, आरती कुजूर, पवन साय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

पदयात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सदन में देश के भविष्य और प्राथमिकताओं पर सार्थक चर्चा करने के बजाय अनर्गल बयानबाजी करती है। सत्ता से दूर होने की निराशा उसके नेताओं के बयानों में झलकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात गरिमापूर्ण तरीके से रखनी चाहिए, लेकिन गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी से जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता कम हो रही है।

भाजपा ने शहीदों को दिया राष्ट्रीय सम्मान : नीलकंठ

पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस और उसकी सहयोगी सरकारों ने झारखंड के वीर शहीदों को उचित सम्मान नहीं दिया। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, तिलका मांझी और गया मुंडा जैसे वीरों ने जल, जंगल, जमीन और आजादी के लिए संघर्ष किया, लेकिन उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर वह पहचान नहीं मिली जिसके वे हकदार थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद जनजातीय महापुरुषों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल हुई। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पदयात्रा के माध्यम से देशभर में जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *