खूंटी

छठ महापर्व को लेकर चला स्वच्छता अभियान, वार्ड समिति के सदस्यों ने किया श्रमदान

खूंटी, 12 नवंबर । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर खूंटी टोली स्थित तालाब में वार्ड समिति की ओर से गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड पार्षद अनिल कच्छप की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में वार्ड समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर तालाब के घाटों की साफ-सफाई की और छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया।

इस दौरान तालाब के आसपास फैली गंदगी की सफाई की गई, ताकि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। वार्ड समिति के सदस्यों ने आपसी सहयोग से घाटों को पूजा के अनुकूल बनाने में अपना योगदान दिया।

मौके पर वार्ड पार्षद अनिल कच्छप ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक है। ऐसे में तालाब और छठ घाटों को साफ-सुथरा रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और पर्व के दौरान भी घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

स्वच्छता अभियान में सुरेंद्र सिंह, लालकमल लोहार, बालकिशुन महतो, बसंत राम, संतोष कुमार, बसंत महतो, कमलेश महतो एवं अनिरुद्ध कच्छप सहित वार्ड समिति के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *