जमशेदपुर में तेज रफ्तार कार ने स्कूली ऑटो को मारी टक्कर, गुरु नानक स्कूल के 8 बच्चे घायल
टेल्को के रिंग रोड पर हुआ हादसा, सभी घायलों को टाटा मोटर्स अस्पताल में कराया गया भर्ती; दुर्घटना के बाद कार चालक महिला मौके से फरार
पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ऑटो सवार गुरु नानक स्कूल के आठ बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकालकर तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूली बच्चों को लेकर पैसेंजर ऑटो (जेएच 05 जेड-3841) रिंग रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (जेएच 05 डीजे-3955) अनियंत्रित हो गई और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार बच्चे घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
हादसे में ये बच्चे हुए घायल
दुर्घटना में घायल बच्चों में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी के नाम सामने आए हैं। हादसे में कुल आठ बच्चों के घायल होने की जानकारी है, हालांकि एक बच्चे के नाम की पुष्टि नहीं हो सकी है। सभी घायलों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज कराया गया।
कार चालक महिला की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक महिला मौके से चली गई। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार कितनी थी और कार अनियंत्रित किन परिस्थितियों में हुई।
