पलामू

पलामू में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी पर जानलेवा हमला, सोने की चेन और नकदी लूटी; कार के शीशे तोड़े

Palamu News: दीपावली की रात हैदरनगर के निचला मोड़ के पास हुई वारदात, बाइक सवार तीन युवकों पर हमले और लूटपाट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में दीपावली की रात सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के निचला मोड़ के पास बाइक सवार तीन युवकों ने पतरिया उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित सीएचओ आशीष रंजन और उनके मामा बलवंत सिंह के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट और पांच हजार रुपये नकद लूट लिए गए।

घटना के बाद पीड़ित ने हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना को लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूजा का सामान लेने जा रहे थे CHO, रास्ते में किया हमला

जानकारी के अनुसार, रविवार 8 नवंबर की रात सीएचओ आशीष रंजन अपने मामा बलवंत सिंह के साथ वैगनआर कार (जेएच 01 एफपी 3113) से दीपावली की पूजा का सामान खरीदने हैदरनगर जा रहे थे। इसी दौरान निचला मोड़ के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। इसके बाद अचानक ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से हमला कर दिया।

हमले में कार के दाहिनी ओर के दोनों शीशे टूट गए। मारपीट की इस घटना में आशीष रंजन और उनके मामा बलवंत सिंह को चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके आभूषण और नकदी भी छीन ली।

तीन युवकों पर लगाया नामजद आरोप

पीड़ित की ओर से दिए गए आवेदन में तीन युवकों को हमले और लूटपाट का आरोपित बनाया गया है। इनमें मोनल सिंह उर्फ मोनू, पिता संजय सिंह, निवासी बहेरा; सचिन सिंह, पिता मंगल सिंह उर्फ बीरेंद्र सिंह, निवासी लोहारपुर और इरशाद, पिता छनछन नवाब, निवासी बभंडी मठ के नाम शामिल हैं।

सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

घटना के तुरंत बाद आशीष रंजन ने हैदरनगर थाना प्रभारी को फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद एसआई भोला राम पुलिस बल और पीसीआर वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी पीड़ित और क्षतिग्रस्त कार को थाना परिसर लेकर आए।

सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, सीसीटीवी जांच की मांग

पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आवेदन में नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान करने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने की मांग की गई है। साथ ही कथित तौर पर छीनी गई सोने की चेन, चांदी के ब्रेसलेट और पांच हजार रुपये नकद बरामद करने का आग्रह किया है।

हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना ने सोमवार सुबह बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *