Palamu Traffic: मेदिनीनगर में जाम और ट्रैफिक अव्यवस्था से बढ़ी परेशानी, चेंबर ने डीआईजी को सौंपा ज्ञापन
पलामू, 2 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर अब आवाजें तेज होने लगी हैं। शहर में जाम के कारण आम नागरिकों, व्यवसायियों और स्कूली बच्चों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर छतरपुर-पूर्वी के जिला पार्षद और फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने सोमवार को पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक किशोर कौशल को मांग पत्र सौंपा।
आबादी और वाहनों की संख्या बढ़ने से बढ़ी समस्या
ज्ञापन में कहा गया है कि मेदिनीनगर शहर का लगातार विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही शहर की आबादी और वाहनों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
चेंबर के अनुसार, शहर के मुख्य बाजार, छहमुहान, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारों के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।
पार्किंग और अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित
ज्ञापन में अनियंत्रित पार्किंग और सड़कों पर अतिक्रमण को भी जाम का प्रमुख कारण बताया गया है। चेंबर का कहना है कि इन समस्याओं के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और मौजूदा व्यवस्था से समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है।
अलग ट्रैफिक थाना और डीएसपी की नियुक्ति की मांग
चेंबर ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए मेदिनीनगर में अलग ट्रैफिक थाना स्थापित करने की मांग की है। साथ ही थाना के साथ डीएसपी स्तर के अधिकारी की पदस्थापना करने की मांग रखी गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अलग ट्रैफिक थाना और डीएसपी की नियुक्ति होने से यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा और शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
चेंबर के पदाधिकारी रहे मौजूद
डीआईजी को ज्ञापन सौंपने के दौरान पलामू चेंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल और अंशुल उदयपुरिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
