रांची

Ranchi Cricket News: रांची जिला क्रिकेट संघ ने आयोजित की अंपायर और ऑनलाइन स्कोरर कार्यशाला, 48 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण

रांची, 1 नवंबर। रांची जिला क्रिकेट संघ की ओर से रविवार को मंथन क्लब, रांची में अंपायर और ऑनलाइन स्कोरर के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण शिविर में करीब 35 अनुभवी प्रतिभागियों के साथ 13 नए अंपायर एवं ऑनलाइन स्कोररों ने हिस्सा लिया।

मास्टर ट्रेनरों ने बताए क्रिकेट के नए नियम

कार्यशाला में जेएससीए के मास्टर ट्रेनरों सौमितो पटनायक, चंचल भट्टाचार्जी, रमेश सिंह और प्रशांत कुमार ने प्रतिभागियों को क्रिकेट के नए एवं पुराने नियमों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मैदान पर अंपायरों और स्कोररों के सामने आने वाली विभिन्न परिस्थितियों और उनसे निपटने के तरीकों पर भी चर्चा की गई।

मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को अंपायरिंग के दौरान नियमों की सही समझ, निर्णय लेने की प्रक्रिया तथा ऑनलाइन स्कोरिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी दी।

नए अंपायरों और स्कोररों को दी शुभकामनाएं

रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजू शर्मा और कार्यकारी सचिव शम्भु सिन्हा ने कार्यशाला में शामिल नए अंपायरों एवं ऑनलाइन स्कोररों से परिचय किया। उन्होंने सभी को क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने और रांची जिला क्रिकेट संघ के सत्र 2026-27 में बेहतर योगदान देने के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रशिक्षण शिविर में मुज्जफर अली, सुनील पाल, शाहिद मिर्जा, जुलकर नयन, कुमार शिवम, वासित सहित कई लोग मौजूद रहे।

रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी सचिव शम्भु सिन्हा ने बताया कि इस तरह की कार्यशालाओं का उद्देश्य अंपायरों और ऑनलाइन स्कोररों को नियमों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से अपडेट रखना है, ताकि जिला स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में निर्णय और स्कोरिंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *