लातेहार

Latehar Temple Theft: लातेहार के प्राचीन पहाड़ी मंदिर में चोरी, मां पार्वती का मुकुट लेकर फरार हुए चोर

लातेहार, 1 नवंबर: झारखंड के लातेहार जिले में चोरों ने एक प्राचीन मंदिर को निशाना बनाते हुए मां पार्वती का मुकुट समेत कई सामान चोरी कर लिया। घटना बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध प्राचीन पहाड़ी मंदिर परिसर की है। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

रात के अंधेरे में मंदिर में घुसे चोर

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और मां पार्वती मंदिर से मुकुट समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

रविवार सुबह मंदिर के पुजारी मृत्युंजय मिश्रा जब मंदिर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को जांच के लिए लिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

बरवाडीह थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान को बरामद करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *