रांची

रांची में 222वां श्री श्याम भंडारा संपन्न, सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गौशाला और वृद्धाश्रम में भी भेजा गया भंडारे का प्रसाद

रांची। श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 222वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। एक श्याम भक्त परिवार की ओर से निवेदित इस भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा श्री श्याम का महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा और हरमू रोड पर प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

भंडारे के अवसर पर मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा और श्याम भक्त परिवार के सदस्यों ने इष्ट-मित्रों के साथ बाबा श्री श्याम को भोग अर्पित किया। इस दौरान ‘आओ-आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी’ भजन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

गौशाला और वृद्धाश्रम में भी पहुंचा महाप्रसाद

भंडारे का भोग लगाने के बाद उसे महाप्रसाद में शामिल किया गया। इसके बाद यजमान परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई। मंडल की ओर से भंडारे का भोग प्रत्येक शनिवार को गौशाला में गौमाता के लिए भी भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य और सहयोगी स्वयं गौशाला पहुंचकर प्रसाद अर्पित करते हैं।

इस बार भंडारे का प्रसाद बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भेजा गया, ताकि वहां रह रहे बुजुर्गों तक भी प्रसाद पहुंच सके। मंडल की ओर से बताया गया कि निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार मंदिर में भंडारे का प्रसाद शुद्धता और स्वच्छता का ध्यान रखते हुए तैयार किया जाता है।

जयकारों के बीच शुरू हुआ प्रसाद वितरण

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। हरमू रोड पर भी भक्तों की लंबी कतारें दिखाई दीं। ‘खाटू नरेश की जय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रथम पूज्य भगवान गणेश महाराज की जयकारों के बीच श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया।

इस बार भंडारे में इडली, चटनी, पोहा, केसरिया जलेबी, खीर, चूरमा और टॉफी का भोग लगाया गया।

50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्था

भंडारे के आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं मंडल के वरिष्ठ सदस्य अजय मारू, राजीव रंजन मित्तल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

इसके अलावा रतन शर्मा, अनुज मोदी, पवन केडिया, अमित सरावगी, कमलेश सावा, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेन्द्र पांडे सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *