Run for Unity: खूंटी में डीसी और एसपी ने भी लगाई दौड़, 5 किमी रेस में अमन शमद रहे अव्वल
राष्ट्रीय एकता दिवस पर बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से निकली मैराथन, महिला वर्ग में संगीता मरांडी ने हासिल किया पहला स्थान
खूंटी, 31 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को खूंटी में ‘रन फॉर यूनिटी मैराथन’ का आयोजन किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन के जरिए एकता, आपसी सद्भाव, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
मैराथन का शुभारंभ उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में पुरुषों के लिए पांच किलोमीटर और महिलाओं एवं बच्चों के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। खास बात यह रही कि डीसी और एसपी के साथ उप विकास आयुक्त समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी दौड़ में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
अमन शमद और संगीता मरांडी ने मारी बाजी
पांच किलोमीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में अमन शमद ने पहला स्थान हासिल किया। मोहन होरो दूसरे और तरुण कच्छप तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, 2.5 किलोमीटर महिला वर्ग में संगीता मरांडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मरियम भेंगरा दूसरे और पेरोनिका सोरेन तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मंच पर ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेल जरूरी : डीसी
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियों को हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। ‘रन फॉर यूनिटी’ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से खुद नशे से दूर रहने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
युवाओं में खेल प्रतिभा की कमी नहीं : एसपी
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और अनुशासन की भावना मजबूत करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। इससे युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए।
नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, प्रतिभागियों और उपस्थित नागरिकों को ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन में जिला प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों की सहभागिता रही।
