गिरिडीह

Giridih News: रौशन रोही और निशा दूबे के कार्यक्रम में पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल, पांच हिरासत में

गिरिडीह के मानिकबाद में दुर्गा पूजा के समापन पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मचा बवाल, भीड़ ने तोड़ी बैरिकेडिंग और मंच पर किया पथराव

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में मगही कलाकार रौशन रोही और निशा दूबे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हीरोडीह थाना क्षेत्र के मानिकबाद में गुरुवार रात आयोजित कार्यक्रम में अचानक पथराव शुरू हो गया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कलाकारों को भी मामूली चोट लगने की सूचना है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

हजारों की भीड़ जुटने से बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के समापन के बाद मानिकबाद में मगही कलाकार रौशन रोही और निशा दूबे का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दोनों कलाकारों को देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान कलाकारों को नजदीक से देखने के लिए लोगों के बीच आगे बढ़ने की होड़ लग गई।

इसी बीच कुछ लोगों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने के साथ ही पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बैरिकेडिंग तोड़ मंच पर चढ़े सौ से अधिक लोग

हंगामा बढ़ने पर भीड़ ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद सौ से अधिक लोग मंच पर चढ़ गए। अचानक बिगड़े हालात के बीच कुछ लोगों ने मंच की ओर पथराव शुरू कर दिया। इससे कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच भी दहशत फैल गई।

पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कलाकारों को भी मामूली चोटें आईं। घटना के बाद स्थिति और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भांजी लाठियां

पथराव और हंगामे के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा। हालात बिगड़ने के कारण आयोजकों को कार्यक्रम बंद करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से भीड़ को हटाया।

एसडीपीओ ने क्या कहा?

खोरी महुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मानिकबाद में रौशन रोही और निशा दूबे का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और सौ से अधिक लोग मंच पर चढ़ गए। कलाकारों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया। इसी बीच मंच पर पथराव किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए और कलाकारों को मामूली चोटें आईं।

एसडीपीओ के अनुसार, अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। बाद में आयोजकों ने कार्यक्रम बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना में आम लोगों के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *