झारखंड

रांची के श्री श्याम मंदिर में 220वें भंडारे का आयोजन, सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

अमावस्या पर खाटू नरेश का विशेष महास्नान और दिव्य श्रृंगार, शारदीय नवरात्र पर मां भगवती की पूजा-अर्चना भी शुरू

रांची, 10 अक्टूबर: हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में आश्विन माह की अमावस्या के अवसर पर खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु का विशेष महास्नान और दिव्य श्रृंगार विधि-विधान से किया गया। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना कर बाबा का दर्शन किया। वहीं, श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से आयोजित 220वें श्री श्याम भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

दूध, दही और गंगाजल से हुआ महास्नान

शनिवार सुबह पांच बजे मंदिर के पट खुलते ही नियमित भक्तों के साथ अमावस्या पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती हुई। इसके बाद महास्नान की तैयारी की गई। मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की उपस्थिति में मंदिर के आचार्यों ने महास्नान अनुष्ठान संपन्न कराया।

बाबा श्याम को शुद्ध जल, दूध, दही, घी और गंगाजल के मिश्रण से स्नान कराया गया। इसके बाद रूह गुलाब से मालिश कर बाबा का विशेष दिव्य श्रृंगार किया गया और उन्हें नवीन पोशाक पहनाई गई। श्रृंगार के बाद मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालु अपने आराध्य के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर भावविभोर हो उठे।

श्रृंगार आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा। मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया और अशोक लड़ियां ने भजन प्रस्तुत कर बाबा श्याम के समक्ष अर्जी लगाई। भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर सहित हरमू रोड का वातावरण भक्तिमय हो गया। बलवंत लाल, सुमन कुमारी और नीलमणि देवी ने बाबा को नवीन पोशाक और पंचमेवा का भोग अर्पित किया।

220वें श्री श्याम भंडारे में बांटा गया महाप्रसाद

श्री श्याम मित्र मंडल, रांची की ओर से आयोजित 220वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन अंकुर कुमार और आशीष अग्रवाल के परिवार की ओर से किया गया। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, यजमान परिवार, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने बाबा श्याम के भोग और भजन में भाग लिया।

भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू किया गया। भंडारे में छोले-भटूरे, गाजर का अचार, रसगुल्ला, लीची जूस, खीर, चूरमा और आइसक्रीम सहित विभिन्न व्यंजन अर्पित किए गए।

मंडल की ओर से बताया गया कि भंडारे का प्रसाद प्रत्येक शनिवार को गौशाला में गायों के लिए भी भेजा जाता है। इसके अलावा शनिवार को बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी प्रसाद पहुंचाया गया। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ और हरमू रोड पर लगी लंबी कतारों के बीच गणेश जी महाराज और बाबा श्याम के जयकारों के साथ प्रसाद वितरण किया गया।

इस आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया और अशोक लड़ियां सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

श्री श्याम मंदिर में शारदीय नवरात्र अनुष्ठान

श्री श्याम मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां भगवती की पूजा और दुर्गा पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। सौरभ चौधरी और उनकी धर्मपत्नी पल्लवी प्रिया मुख्य यजमान होंगे। मंदिर के आचार्यों द्वारा प्रतिदिन दुर्गा पाठ तथा सुबह और शाम आरती की जाएगी।

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने माता रानी के भक्तों से इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने का आग्रह किया। यह जानकारी भी उन्होंने ही दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *