पलामू में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’
मेदिनीनगर, 7 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को पलामू में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
राष्ट्रसेवा और सुशासन को बताया प्रेरणादायी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन के प्रति समर्पण देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन देश के प्रति सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।
सांसद ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री की सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं है, बल्कि इसमें देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
बड़ी भागीदारी के लिए जताया आभार
पलामू भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, जिला प्रभारी शशिभूषण भगत, विभाकर नारायण पाण्डेय सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
