सट्टा और ड्रग्स के खिलाफ विचार क्रांति सम्मेलन में बोले सरयू राय, परिवार से शुरू होनी चाहिए लड़ाई
जमशेदपुर, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को साकची स्थित धालभूम क्लब में जदयू युवा मोर्चा की ओर से सट्टेबाजी और ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि सट्टेबाजी और ड्रग्स के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर पंचायत, नगरपालिका और नगर निगम स्तर पर भी गंभीर पहल की जरूरत है। हालांकि, इन कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत परिवार से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने आचरण के साथ-साथ बच्चों की संगत, गतिविधियों और व्यवहार पर भी नजर रखनी चाहिए।
सट्टा और ड्रग्स के खिलाफ लगातार निगरानी की जरूरत
सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर में सट्टेबाजी और ड्रग्स के कारोबार की जानकारी पुलिस-प्रशासन को भी है। उनके अनुसार, सम्मेलन की घोषणा के बाद कुछ कार्रवाई हुई और कई लोगों को पकड़ा गया, लेकिन बाद में कार्रवाई की गति धीमी पड़ गई।
उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी, मजबूत सूचना तंत्र और लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताई। सरयू राय ने यह भी कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को एक ही नजर से देखने की प्रवृत्ति उचित नहीं है।
सम्मेलन का आयोजन ड्रग्स और सट्टेबाजी के सामाजिक दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। इससे पहले भी आयोजकों की ओर से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई थी।
‘नशा करना है तो देशभक्ति और जनसेवा का करें’
सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक संजय रंजन सिंह ने युवाओं से अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशा करना ही है तो देशभक्ति और जनसेवा का नशा करें।
उन्होंने भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद का उदाहरण देते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में आगे बढ़ने की अपील की।
सम्मेलन को संयोजक मनोज सिंह, जदयू नेता धर्मेंद्र तिवारी, जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, अधिवक्ता अनिल तिवारी और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने भी संबोधित किया। मंच संचालन विवेक पांडेय ने किया। कार्यक्रम में जदयू के कई कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।
