गिरिडीह

एएसआई पुत्र हत्या कांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

गिरिडीह, 29 सितंबर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गिरिडीह – डुमरी मुख्य पथ पर बंदरकुप्पी के समीप झारखंड पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक पुत्र की पीट-पीट कर की गई हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सतीश यादव और अनुज यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मुख्य आरोपित सतीश ने अपना अपराध भी स्वीकार किया है। दोनों के गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी डॉ विमल कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में की। बताया गया कि बीते

24 सितंबर की रात में सहायक अवर निरीक्षक मुसाफिर सिंह यादव का पुत्र मुफ्फसिल थाना इलाके के राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव अपने साथियों के साथ बंदरकुप्पी मैगी पॉइंट दुकान पर गया था, जहां पर पीरटांड थाना इलाके के नावाडीह निवासी सतीश यादव के बीच दोनों में कहासुनी हुई। इस दौरान कुछ देर बाद सतीश अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचकर ऋतिक के ऊपर हमला कर इतनी पिटाई की जिसमें उसने वहीं पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद सतीश मौके से फरार हो गया।

फरार होने के बाद उसकी तलाश पुलिस कर रही थी। इस बीच पूरे कांड के अनुसंधान और हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी डॉ बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन के साथ-साथ, अवर निरीक्षक विवेक माधुरी, एसपी की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन सेल के पदाधिकारी अवर निरीक्षक मणिकांत सहित अन्य पदाधिकारी टेक्निकल सेल के कर्मी को शामिल किया गया। टीम घटना के बाद से ही मामले का खुलासा करने और छापेमारी और फरार अभियुक्तों की खोज में जुट गई। सबूत जुटाए गए और अततः कांड के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर कांड का खुलासा किया गया। एसपी ने कहा कि हत्या पुरानी रंजिस के कारण हुई। हालांकि छह माह पहले हुए विवाद को सुलझा लिया गया था। उन्होंने कहा कि अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मारपीट में प्रयुक्त बांस की लाठी और दो जोड़ा चप्पल बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *