रांची

वियतनाम सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के राजा कुमार का शव लाने में जुटा प्रशासन

रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के कांके निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।

मंगलवार को राजा कुमार बंसी के परिजनों ने रांची समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। परिजनों ने प्रशासन से राजा कुमार का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द रांची लाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

25 सितंबर को वियतनाम में हुआ था सड़क हादसा

जानकारी के अनुसार, राजा कुमार बंसी के साथ 25 सितंबर को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 26 सितंबर की सुबह उनकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार शव को रांची लाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रशासन से संपर्क में था।

DC ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने के लिए जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रशासन संबंधित विभागों और एजेंसियों के लगातार संपर्क में है।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि शोकाकुल परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

परिजनों से मुलाकात के दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड नंबर 27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *