झारखंड पुलिस के संतोष बोबोंगा ने ऑल इंडिया पुलिस बॉडी बिल्डिंग में जीता रजत पदक
रांची। हरियाणा के करनाल में 23 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित 75वीं ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस के जवान संतोष बोबोंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उन्होंने बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की।
संतोष बोबोंगा वर्तमान में झारखंड पुलिस की एसआईएसएफ इकाई, बोकारो में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग और झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भी कर चुके हैं शानदार प्रदर्शन
संतोष बोबोंगा इससे पहले वर्ष 2023 में कनाडा के विनिपेग में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा ऑल इंडिया पुलिस बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में उनके नाम पांच स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक दर्ज हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए संतोष ने पुलिस खेलों में झारखंड की पहचान मजबूत की है।
पुलिस अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
संतोष बोबोंगा की इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीजीपी तदासा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक (जैप) प्रिया दुबे समेत राज्य के पुलिस अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।
अधिकारियों ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
