ऑल इंडिया पुलिस कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के राजीव रंजन बने तकनीकी अधिकारी
रांची, 22 सितंबर। 75वीं ऑल इंडिया पुलिस खेल (कुश्ती) प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 सितंबर 2026 तक करनाल, हरियाणा में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए झारखंड के राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी अधिकारी एवं प्रशिक्षक राजीव रंजन सिंह (भीम) को तकनीकी अधिकारी (टेक्निकल ऑफिशियल) नियुक्त किया गया है।
राजीव रंजन सिंह वर्तमान में JSSPS में कुश्ती प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी अधिकारी एवं प्रशिक्षक के रूप में उनकी भूमिका और अनुभव को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे मंगलवार को रांची से करनाल, हरियाणा के लिए रवाना हुए।
राजीव रंजन की नियुक्ति पर झारखंड कुश्ती जगत में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), खेल निदेशक छवि रंजन, मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, JSSPS के सीईओ एन.के. झा, सहित सभी जिला कुश्ती संघों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा झारखंड राज्य कुश्ती परिवार और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राजीव रंजन सिंह ने इस जिम्मेदारी के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ निभाने की बात कही।
