रांची

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निराश्रितों को कराया गया भोजन

जरूरतमंदों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना : संजय सर्राफ

रांची। परमहंस डॉ. संत शिरोमणि श्रीश्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में एमआरएस श्रीकृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा संचालित श्रीकृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम, पुंदाग स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के सत्य-प्रेम सभागार में निराश्रित प्रभुजनों के लिए अन्नपूर्णा सेवा के तहत भोजन कराया गया।

आश्रम में रह रहे 45 मंदबुद्धि दिव्यांग एवं निराश्रित प्रभुजनों तथा उनकी सेवा में समर्पित सेवादारों को प्रतिदिन तीनों समय विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ भोजन कराया जा रहा है। आश्रम के किचन में स्वच्छता एवं सात्विकता का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन तैयार किया जाता है और सभी को सम्मान, स्नेह एवं आत्मीयता के साथ भोजन कराया जाता है।

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि 23 अगस्त से 22 सितंबर तक 31 दिनों में लगभग 6700 निराश्रित प्रभुजनों एवं उनकी देखभाल करने वाले सेवादारों को भोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने स्वयं भोजन सेवा का दायित्व निभाया, जबकि अनेक लोगों ने आश्रम में रह रहे निराश्रित, मंदबुद्धि एवं जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं।

संजय सर्राफ ने कहा कि मानव प्रभु की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। जरूरतमंदों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऐसे सेवा कार्यों को सहयोग एवं प्रोत्साहन देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आश्रम के सेवा कार्यों में सत्यनारायण पोद्दार चैरिटेबल ट्रस्ट एवं बाबूलाल प्रेमसंस ग्रुप का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है।

अन्नपूर्णा सेवा के अवसर पर चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक पंकज पोद्दार, कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पुजारी अरविंद पांडे, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नंद किशोर चौधरी, मनीष साहू, संजय सर्राफ, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, सुरेश चौधरी, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *