रांची

आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति वाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री में छूट की मांग

चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से की मुलाकात, रूट और यातायात दबाव की समीक्षा के बाद उचित विचार का मिला आश्वासन

रांची, संवाददाता। शहरी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की अनुमति देने की मांग को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सुबह और शाम दो-दो घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था के कारण आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले छोटे मालवाहक वाहनों को परेशानी हो रही है। त्योहारों का मौसम नजदीक होने के कारण शहर की सप्लाई चेन को सुचारू बनाए रखना जरूरी है।

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने सुझाव दिया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को निर्धारित शर्तों और तय रूट के अनुसार कम से कम शाम 5 से 7 बजे की नो-एंट्री अवधि में प्रवेश और परिचालन की अनुमति दी जाए।

मुलाकात के दौरान एसएसपी ने शाम 5 से 7 बजे के बीच मालवाहक वाहनों की अधिक आवाजाही और यातायात दबाव वाले मार्गों की जानकारी मांगी। उन्होंने चैंबर से संबंधित मार्गों की सूची और रूट उपलब्ध कराने को कहा। एसएसपी ने आश्वस्त किया कि प्राप्त रूट और संबंधित क्षेत्रों में यातायात दबाव की समीक्षा के बाद आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में छूट देने के संबंध में उचित विचार किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जालान रोड क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं से भी एसएसपी को अवगत कराया।

ट्रांसपोर्ट नगर का किया निरीक्षण

ट्रांसपोर्टर्स की समस्याओं को लेकर चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में झारखंड चैंबर और रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर का भी भ्रमण किया। इस दौरान वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराने की संभावनाओं का जायजा लिया गया।

तुलसी पटेल ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्टर्स को उचित स्थान कैसे उपलब्ध कराया जाए और स्थान आवंटन की प्रक्रिया क्या हो, इन मुद्दों पर जल्द ही झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि चैंबर का प्रयास ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं का व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकालना है।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य विनीता सिंघानिया और मोनिका गोयनका के अलावा रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के राजकिशोर सिंह, रविंद्र दुबे, उदय सिंह, प्रभाकर सिंह, एसबी सिंह, विनय सिंह और सुनील सिंह चौहान शामिल थे। झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के महामंत्री विक्रम सिंह, रवि वर्मा और नीरज सिंह भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *