जूनियर एशिया कप स्वर्ण विजेता झारखंड की तीन हॉकी बेटियों का जोरदार स्वागत
विनिमा धान, पार्वती टोपनो और रोशनी आइंद ने भारतीय महिला टीम की जीत में दिया अहम योगदान
रांची, संवाददाता। चीन में आयोजित जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंड की तीन खिलाड़ियों का राज्य लौटने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। टीम में झारखंड की विनिमा धान, पार्वती टोपनो और रोशनी आइंद शामिल थीं।
तीनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण गोल किए और भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में भारत की स्वर्णिम सफलता के बाद तीनों खिलाड़ी अपने गृह राज्य झारखंड लौटीं।
झारखंड पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल प्रेमियों की ओर से तीनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के संयुक्त सचिव माइकल लाल, दुलारी टोपनो, सेरसा के प्रशांत मुखर्जी, हॉकी रांची के कोषाध्यक्ष प्रमोद केरकेट्टा, तकनीकी अधिकारी पैंक्रेटियूस टोप्पो, संजय तिर्की, समीर डुंगडुंग सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।
