राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 19 सितंबर से
रांची में तीन आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता, सभी 24 जिलों से 1,152 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
जिला विजेता टीमें करेंगी भाग, विजेता टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का करेंगी प्रतिनिधित्व
रांची, संवाददाता। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 सितंबर 2026 तक रांची में किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से तीन आयु वर्गों में कुल 1,152 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू में आयोजित होगी। इसमें अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग की जिला स्तरीय विजेता टीमें भाग लेंगी।
सभी टीमों की रिपोर्टिंग 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में करनी होगी। रिपोर्टिंग के दौरान खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन और आवश्यक शारीरिक जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के लिए भोजन, आवासन, परिवहन, चिकित्सा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रतियोगिता के तीनों वर्गों की विजेता टीमें झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
