जूडो के दो स्कूली खिलाड़ी राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए रायपुर रवाना
मोहन कुमार पांडेय और अनुष्का सिंह का आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 के भारतीय दल के चयन ट्रायल में चयन
रांची, संवाददाता। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से आयोजित ‘खेलो झारखंड’ के मंच से राज्य के दो स्कूली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 के भारतीय दल के लिए आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए मोहन कुमार पांडेय और अनुष्का सिंह बुधवार को रायपुर रवाना हुए।
दोनों खिलाड़ियों का चयन वर्ष 2025-26 के राष्ट्रीय स्कूल खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में 17 और 18 सितंबर को आयोजित जूडो चयन ट्रायल में मोहन कुमार पांडेय 60 किलोग्राम तथा अनुष्का सिंह 63 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगी। चयन होने पर दोनों खिलाड़ी अंडर-18 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जूडो टीम मैनेजर अनिश राय के नेतृत्व में टीम हटिया रेलवे स्टेशन से रायपुर के लिए रवाना हुई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से दोनों खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
‘खेलो झारखंड’ का आयोजन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रतिवर्ष किया जाता है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इसी क्रम में दोनों खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेने जा रहे हैं।
