COE सिमडेगा ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जीता खिताब
पुरुष वर्ग में लगातार दूसरी और महिला वर्ग में तीसरी बार बना चैंपियन, 58 टीमों के बीच हुए 128 मुकाबलों में 492 गोल
सिमडेगा, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 13 सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन तथा हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 16 दिवसीय प्रतियोगिता में 58 टीमों के बीच कुल 128 मुकाबले खेले गए, जिनमें 492 गोल हुए।
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) सिमडेगा ने खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में COE सिमडेगा ने लगातार दूसरी बार, जबकि महिला वर्ग में COE सिमडेगा ‘A’ ने लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पुरुष वर्ग में लिटिल टाइगर और महिला वर्ग में STC सिमडेगा की टीम उपविजेता रही। संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह और आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने अपने-अपने वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में COE सिमडेगा चैंपियन
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में COE सिमडेगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटिल टाइगर को 5-3 से पराजित कर खिताब जीता। इस जीत के साथ COE सिमडेगा लगातार दूसरी बार चैंपियन बना। लिटिल टाइगर की टीम पिछले छह वर्षों से लगातार फाइनल में पहुंच रही है। इस बार उसे उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा।
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 4-2 से हराया।
महिला वर्ग में COE सिमडेगा ‘A’ का दबदबा
महिला वर्ग के फाइनल में COE सिमडेगा ‘A’ ने STC सिमडेगा को 5-3 से हराकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। STC सिमडेगा वर्ष 2010 से लगातार प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम उपविजेता बनी।
महिला वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह ने लोंबोई को 2-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कराया फाइनल का शुभारंभ
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले की शुरुआत सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, जिप सदस्य जोसिमा खाखा, सिलबेस्ट्र बघवार और शकील अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा मैच शुरू कराकर की। महिला वर्ग के फाइनल का शुभारंभ सिमडेगा एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
समापन समारोह में एसडीएम सुमन तिर्की और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। दोनों वर्गों की प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
फ्लैबियस तिर्की और अनुप्रिया एक्का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- महिला : अनुप्रिया एक्का, STC सिमडेगा
- पुरुष : फ्लैबियस तिर्की, लिटिल टाइगर
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
- महिला : रितिका डुंगडुंग
- पुरुष : धनेश्वर मांझी
बेस्ट गोलकीपर
- महिला : रश्मि समद
- पुरुष : अरुण सोय
बेस्ट डिफेंडर
- महिला : सीता कुमारी
- पुरुष : विनय कुजूर
बेस्ट मिडफील्डर
- महिला : सबीना टोपनो
- पुरुष : सुमित बरवा
बेस्ट फॉरवर्ड
- महिला : राजमनी कुमारी
- पुरुष : सुमन सोरेंग
इमर्जिंग टीम ऑफ द चैंपियनशिप
- महिला : लोंबोई
- पुरुष : KVS ‘A’
सिमडेगा हॉकी की नर्सरी : भूषण बाड़ा
फाइनल मुकाबले में उपस्थित विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है। हॉकी संघ, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इसके विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने हॉकी को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का बेहतर अवसर मिल रहा है। खिलाड़ी इस अवसर का लाभ उठाएं और लगातार अभ्यास करते रहें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिमडेगा के खिलाड़ी एक दिन देश के लिए खेलेंगे।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि इस वर्ष की प्रतियोगिता ऐतिहासिक रही। 58 टीमों की भागीदारी और 128 मुकाबलों का आयोजन अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने हॉकी सिमडेगा, खेल विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस और मेडिकल टीम के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का स्तर और टीमों का प्रदर्शन सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
आयोजन में सहयोग करने वालों का सम्मान
प्रतियोगिता को सफल बनाने में तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, मेडिकल टीम, पुलिस टीम और मीडिया टीम को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधे भेंट किए गए। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में वरिष्ठ शिक्षक साधु मालवा, सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष बसंत बा, जिला एथलेटिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहदेव मांझी, सचिव विपिन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, पैंक्रेसियूस टोप्पो, एल्शन किडो, कमलेश्वर मांझी, विनोद कुल्लू, रोहित बेसरा, संजय तिर्की, समीर डुंगडुंग, करिश्मा परवार, नेहा कुमारी, कुंती कुमारी, कुनुल भेंगरा, तलीन तिग्गा, दिव्य डुंगडुंग सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों, निर्णायकों, सहयोगी संस्थाओं और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
