अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए ‘खेलो झारखंड’ के तीन ताइक्वांडो खिलाड़ी रायपुर रवाना
रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा संचालित ‘खेलो झारखंड’ के तीन ताइक्वांडो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल के राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेने शनिवार को हटिया रेलवे स्टेशन से रायपुर, छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुए।
राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए रवाना होने वाले खिलाड़ियों में श्रेया कुमारी, विश्वजीत राज सिंह और रौशन कुमार शामिल हैं। श्रेया कुमारी अंडर-18 भारतीय बालिका टीम के 63 से 68 किलोग्राम भार वर्ग में, जबकि विश्वजीत राज सिंह एवं रौशन कुमार अंडर-18 भारतीय बालक टीम के 59 से 63 किलोग्राम भार वर्ग में चयन ट्रायल में भाग लेंगे।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘खेलो झारखंड’ के माध्यम से विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, प्रतिभाओं की पहचान करने तथा उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्कूल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिला है।
खिलाड़ियों के साथ टीम प्रशिक्षक मो. जावेद अंसारी भी रायपुर रवाना हुए। राष्ट्रीय चयन ट्रायल 14 और 15 सितंबर को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। वहीं आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 का आयोजन 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जनेरियो, ब्राजील में प्रस्तावित है।
खिलाड़ियों के रवाना होने पर विभागीय पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
