पूर्वी सिहंभूमि

अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार, 25 बाइक-स्कूटी बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 12 सितंबर । पुलिस ने अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) की कार्रवाई में अब तक चोरी की 25 बाइक और स्कूटी बरामद की गई हैं। आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुड़ाबांदा थाना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इस मामले में तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर 17 दोपहिया वाहन बरामद किए जा चुके थे। गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान में सामने आए संदिग्धों के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ने किया, जबकि मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक की अगुवाई में तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास दो लोग चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को एक बाइक और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने जमशेदपुर शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों से बाइक-स्कूटी चोरी कर ग्रामीण इलाकों में बेचने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर आठ और दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटा गोविंदपुर निवासी सुखदेव लोहरा (24) और तोता महली उर्फ टोपा महली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुखदेव लोहरा के खिलाफ आरआईटी आदित्यपुर और उलीडीह ओपी में पहले से मामले दर्ज हैं। वहीं, तोता महली के खिलाफ इस मामले के अलावा किसी अन्य आपराधिक मामले की जानकारी नहीं मिली है।

बरामद वाहनों में टीवीएस रेडर, स्प्लेंडर प्लस, होंडा एक्टिवा और पैशन प्रो समेत अन्य बाइक-स्कूटी शामिल हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान में जुटी है।—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *