मेजर ध्यानचंद हॉकी चैंपियनशिप में तीसरे दिन 8 मुकाबले, महिला वर्ग में COE सिमडेगा की जीत
सिमडेगा, 31 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा एवं खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन महिला वर्ग में तीन और पुरुष वर्ग में पांच मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग के परिणाम
महिला वर्ग में COE सिमडेगा-A ने STC सिमडेगा को 3-0 से हराया। वहीं COE सिमडेगा-B ने STC लचरागढ़ पर 1-0 से जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में टाटा CINI जलडेगा ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए कोचेडेगा स्कूल को 8-0 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग में सेंट मेरीज की बड़ी जीत
पुरुष वर्ग में सेंट मेरीज स्कूल सामटोली ने टाटा CINI जलडेगा को 8-0 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। सेंट अन्ना सामटोली-A ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 2-0 से पराजित किया।
आदिवासी हॉस्टल ने गोंडवाना ब्रदर्स को 4-0 से शिकस्त दी। रेंगारी और सेंट अन्ना सामटोली-B के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। वहीं मुरिया ने ताराबोगा को 3-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चैंपियनशिप के माध्यम से जिले की महिला एवं पुरुष हॉकी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है।
हॉकी सिमडेगा का संदेश—‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत।’
