Home

राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी लोकतंत्र की आवाज दबाने की साजिश : कमलेश

रांची, 31 अगस्त । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट और लोकतंत्र की आवाज को दबाने की साजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। इसी कारण भाजपा सरकार उन्हें निशाना बनाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा यह भ्रम न पाले कि प्राथमिकी और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया जा सकता है। राहुल गांधी के साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हैं।

विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार जनता के सवालों का जवाब देने में विफल होती है, तब जांच एजेंसियों, पुलिस और मुकदमों का सहारा लेकर विपक्ष को डराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे दबाव से डरने और झुकने वाली नहीं है।

कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, सांसद सुखदेव भगत और विधायक राजेश कच्छप ने भी संबोधित किया।

प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दूबे, विनय सिन्हा दीपू, सोनाल शांति, राजन वर्मा, उज्ज्वल तिवारी, नवीन सिंह, दुर्गा देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *