राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिमडेगा में हॉकी का धमाल, 58 टीमों की चैंपियनशिप शुरू
सिमडेगा, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सिमडेगा में 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप-2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह और नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन से पहले अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया गया, जबकि जिला खेल पदाधिकारी की ओर से उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
58 टीमें, 128 मुकाबले
हॉकी सिमडेगा और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 18 महिला और 40 पुरुष समेत कुल 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 29 अगस्त से 12 सितंबर तक चलने वाली चैंपियनशिप में दोनों वर्गों को मिलाकर 128 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग के नौ मैच खेले गए।
पहले दिन सीओई सिमडेगा-ए ने सीओई सिमडेगा-बी को 2-0, लोम्बोई ने आरसीएमएस करंगागुड़ी को 4-0 और बांसजोर ने बानो को 5-0 से हराया। यूसी रेंगारिह ने सेंट एन्स तैंसेर को 3-0 से, जबकि लोम्बोई ने सेंट एन्स सामटोली को 1-0 से पराजित किया। पकड़टांड और बारवाडीह का मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा।
रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान
उद्घाटन समारोह में 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली हॉकी झारखंड टीम की सदस्य खिलाड़ियों को मोमेंटो, अंगवस्त्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं और तीन मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करने वाली संदीपा कुमारी की प्राथमिक कोच सुभीला मिंज को भी सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने पर जोर
उपायुक्त कंचन सिंह ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिमडेगा की धरती ने देश और राज्य को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में संचालित डे-बोर्डिंग सेंटर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और रेसिडेंशियल सेंटर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के बेहतर अवसर दे रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और असफलताओं से निराश नहीं होने की अपील की।
उपायुक्त ने किया पौधरोपण
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने खिलाड़ियों और जिलेवासियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
आयोजन को सफल बनाने में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, अध्यक्ष सुनील तिर्की, कमलेश्वर मांझी, पैंक्रासियूस टोप्पो, बसंत बा, रोहित बेसरा समेत हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
