खेलझारखंड

विकास विद्यालय में सीबीएसई क्लस्टर-III एथलेटिक्स मीट का समापन, रिले में झारखंडी खिलाड़ियों का जलवा

उज्ज्वल, अर्पित, चाहत और आयुष ने 4×100 मीटर रिले में जीता स्वर्ण; अद्वैता आरोही भी बनीं चैंपियन

रांची, 27 अगस्त 2026। विकास विद्यालय, रांची के परिसर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-III चार दिवसीय एथलेटिक्स मीट का गुरुवार को समापन हुआ। समापन समारोह में खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैराली स्कूल के प्राचार्य राजेश पिल्लई, डीएवी नंदराज के प्राचार्य रवि प्रकाश, झारखंड एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.डी. सिंह और सचिव एस.के. पांडे मौजूद रहे। विकास विद्यालय के प्राचार्य पी.एस. कालरा ने अतिथियों का स्वागत किया।

रिले में विकास विद्यालय की टीम को स्वर्ण

पुरस्कार वितरण के दौरान अंडर-17 बालक वर्ग की 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में विकास विद्यालय, रांची के उज्ज्वल आनंद, अर्पित साहू, चाहत राज और आयुष भगत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में विकास विद्यालय की अद्वैता आरोही ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग के जैवलिन थ्रो में विकास विद्यालय के ईशान थपलियाल ने रजत पदक हासिल किया।

डीएवी कैंटोनमेंट एरिया, गयाजी को ओवरऑल ट्रॉफी

प्रतियोगिता में सर्वांगीण सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए डीएवी कैंटोनमेंट एरिया, गयाजी को प्रतिष्ठित ओवरऑल ट्रॉफी प्रदान की गई।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों, विद्यालय के प्राचार्य और सीबीएसई पर्यवेक्षक संतोष कुमार ने तकनीकी अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य पी.एस. कालरा ने क्लस्टर-III एथलेटिक्स मीट के समापन की आधिकारिक घोषणा की। शिक्षिका सृष्टि टूटी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद सीबीएसई ध्वज का सम्मानपूर्वक अवरोहण किया गया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *