खेल

राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के स्कूलों में गूंजेगा ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का संदेश

27, 29 और 30 अगस्त को होंगे तीन दिवसीय कार्यक्रम, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ फिटनेस गतिविधियां भी होंगी

रांची, 26 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ विषय पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के निर्देश तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देश के तहत ये कार्यक्रम 27, 29 और 30 अगस्त को होंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यालयों में स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

27 अगस्त को फिटनेस गतिविधियां

कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालयों में ‘ऊर्जावान 29 चैलेंज’ के तहत पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ‘पास द बॉल’ और ‘स्पोर्ट्स बंधन’, खेल एवं स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन-नारा तथा निबंध प्रतियोगिता भी होगी। योग, मास पिटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसे पारंपरिक एवं सांकेतिक खेलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि

29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विद्यालयों में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। विद्यार्थी और शिक्षक उनके जीवन, खेल उपलब्धियों तथा स्वास्थ्य, खेल और जीवन में अनुशासन के महत्व पर अपने विचार रखेंगे। इस दौरान खेल शपथ और हाउसवार मार्च-पास्ट का भी आयोजन किया जाएगा।

विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो होंगे। कक्षा 6 से 8 के लिए 100 एवं 200 मीटर दौड़, कबड्डी/खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस, जबकि कक्षा 9 से 12 के लिए 400 एवं 800 मीटर दौड़, फुटबॉल/हॉकी/कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी।

छात्र-शिक्षक भी खेलेंगे साथ

कार्यक्रम में छात्र-शिक्षक मैत्री खेल भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें रस्साकशी, क्रिकेट/फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

दिव्यांग विद्यार्थियों की होगी समावेशी भागीदारी

राष्ट्रीय खेल दिवस की सभी गतिविधियों में विद्यालय के दिव्यांग बच्चों (CWSN) की सक्रिय और समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रधानाध्यापक विशेष व्यवस्था करेंगे, ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा ले सकें।

30 अगस्त को साइकिल रैली

30 अगस्त को ‘Sundays on Cycle’ के तहत स्वास्थ्य एवं फिटनेस केंद्रित साइकिल रैली अथवा विशेष दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।

विभाग ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं नोडल शिक्षकों को विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विद्यालयों में खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने तथा कार्यक्रमों की तस्वीरें एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *