सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का धमाका, CISCE को 2-0 से हराकर फाइनल में पहुंची
27 अगस्त को NCC मिजोरम से खिताबी मुकाबला, ऊषा और सबरनी ने दागे गोल
रांची, 24 अगस्त। 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सोमवार को नई दिल्ली के पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड ने CISCE को 2-0 से हराया।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की खिलाड़ी कर रही हैं। टीम मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।
ऊषा और सबरनी ने दागे गोल
सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से ऊषा कुमारी ने पहला गोल कर झारखंड को बढ़त दिलायी। इसके बाद सबरनी कुमारी ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।
पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति और अनुशासन के साथ खेलते हुए CISCE पर दबाव बनाए रखा। झारखंड की मजबूत रक्षापंक्ति ने विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया और अंततः मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल में झारखंड ने बिहार को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। लगातार दो मुकाबलों में शानदार जीत के बाद अब झारखंड की बेटियों की नजर सुब्रतो कप के खिताब पर है।
27 अगस्त को NCC मिजोरम से फाइनल
झारखंड का फाइनल मुकाबला 27 अगस्त 2026 को NCC मिजोरम की टीम से होगा। टीम की लगातार शानदार जीत से राज्यभर के खेलप्रेमियों में उत्साह है और अब सभी की नजरें खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने झारखंड टीम की जीत पर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और जुझारूपन के साथ फाइनल में प्रवेश कर पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। टीम ने मैदान पर शानदार टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि पूरा झारखंड अपनी बेटियों के साथ खड़ा है और उम्मीद है कि खिलाड़ी फाइनल में भी इसी जोश और जुनून के साथ खेलते हुए सुब्रतो कप का खिताब झारखंड के नाम करेंगी।
