Home

हॉकी सिमडेगा के प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को हॉकी झारखंड ने दिया गोलकीपर किट

ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार मिल रहा सहयोग

सिमडेगा। सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आने वाले गरीब और प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से हॉकी सिमडेगा द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को हॉकी झारखंड की ओर से गोलकीपर किट प्रदान किया गया। करीब 10 वर्षों से संचालित इस प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 20 खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को ग्रासरूट स्तर से तैयार कर राज्य और देश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में आगे के प्रशिक्षण के लिए भेजा जाता है।

इस प्रशिक्षण केंद्र से तैयार कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है। केंद्र से निकले कई खिलाड़ी वर्तमान में एनएसयूआई, साई रांची, साई हजारीबाग, सीओई रांची, सिमडेगा, एनटीएचए बेंगलुरु सहित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वहीं, केंद्र के चार पूर्ववर्ती खिलाड़ियों की सरकारी सेवा में भी नियुक्ति हो चुकी है।

राष्ट्रीय चैंपियन टीम का हिस्सा रहे थे नौ खिलाड़ी

वर्ष 2021 में झारखंड की पुरुष सब-जूनियर टीम ने पहली बार राष्ट्रीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उस ऐतिहासिक टीम में हॉकी सिमडेगा के इसी प्रशिक्षण केंद्र से तैयार नौ खिलाड़ी शामिल थे।

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हॉकी सिमडेगा लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में हॉकी झारखंड ने प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को गोलकीपर किट उपलब्ध कराया। इससे पहले पिछले वर्ष खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी स्टिक भी प्रदान की गयी थी।

खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देने के लिए हॉकी सिमडेगा ने इसी केंद्र के दो पूर्ववर्ती खिलाड़ियों को प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।

20 जिला इकाइयों को दी गयीं हॉकी स्टिक

इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों को गोलकीपर किट प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ग्रासरूट स्तर से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में इस प्रकार का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि हॉकी झारखंड ने पिछले माह रांची में झारखंड की 20 जिला इकाइयों को 20-20 हॉकी स्टिक उपलब्ध करायी थीं। इससे पहले सिमडेगा, गुमला और खूंटी जिले को 40-40 हॉकी स्टिक दी गयी थी।

मनोज कोनबेगी ने कहा कि हॉकी झारखंड लगातार उन जिला इकाइयों को सहयोग दे रही है, जो जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने का काम कर रही हैं। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह का मानना है कि बच्चों और खिलाड़ियों के विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली जिला इकाइयों को हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए।

उन्होंने हॉकी सिमडेगा समेत सभी जिला इकाइयों से इसी तरह निरंतर मेहनत करते हुए अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रासरूट स्तर से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हॉकी झारखंड भविष्य में भी सक्रिय रूप से सहयोग करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *