रांची में JPSC रिफॉर्म मंच और JMM कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, कई घायल

रांची, 21 अगस्त। राजधानी रांची के ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पर शुक्रवार शाम JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारी छात्रों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। एक एसडीएसपी के साथ भी मारपीट की बात सामने आई है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रिफॉर्म मंच से जुड़े कुणाल सिंह को हिरासत में लिया था। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद बढ़ा आक्रोश
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और हालिया न्यायिक फैसलों को लेकर अभ्यर्थियों में पहले से आक्रोश है। झारखंड हाईकोर्ट की ओर से 11वीं से 13वीं JPSC और फूड सेफ्टी ऑफिसर परीक्षा रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर रोक लगाए जाने के बाद छात्रों का विरोध और तेज हो गया।
शुक्रवार को JSSC CGL समेत अन्य परीक्षाओं को रद्द करने के सरकार के आदेश पर भी हाईकोर्ट की रोक की खबर के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। रिफॉर्म मंच के सदस्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए अल्बर्ट एक्का चौक की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि चडरी तालाब के समीप JMM कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों के हाथ से मुख्यमंत्री का पुतला छीन लिया और वहां से चले गए। इसके बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।
अल्बर्ट एक्का चौक पर बढ़ा तनाव
अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, जिसका JMM कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पुतला छीनने और धक्का-मुक्की की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
घटना के बाद रिफॉर्म मंच के छात्र नेताओं रविंद्र पासवान, कुणाल प्रताप आदि ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस और दलीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मारपीट और धक्का-मुक्की से आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
छात्र नेताओं ने आने वाले दिनों में राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन को और तेज करने की चेतावनी दी है। घटना के बाद अल्बर्ट एक्का चौक और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
