रांची

झारखंड राज्य सब-जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए गढ़वा की 14 सदस्यीय टीम धनबाद रवाना

गढ़वा, 20 अगस्त। धनबाद में 21 और 22 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड राज्य सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गढ़वा जिला की 14 सदस्यीय टीम गुरुवार को शक्ति पुंज एक्सप्रेस से धनबाद के लिए रवाना हुई। प्रतियोगिता में गढ़वा के युवा एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

टीम में आस्तिक कुजूर, प्रिंस कुमार ठाकुर, मयंक कुमार रवि, आदित्य कुमार सिंह, विवेक कुमार ठाकुर, आशु कुमार, सोनू कुमार, सिद्धार्थ कुमार, गुनगुन कुमारी, सोनी कुमारी, छबि कुमारी, सुनीता कुमारी, प्रीति कुमारी और दीप ज्योति कुमारी शामिल हैं। टीम के साथ मैनेजर विपिन कुमार भी धनबाद रवाना हुए।

पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

टीम को रवाना होने से पहले गढ़वा जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। संघ के अध्यक्ष एसके पांडेय, सचिव आलोक मिश्रा, संयुक्त सचिव सुशील कुमार तिवारी और कोषाध्यक्ष अजय कांत ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा अभिषेक कुमार, रमा शंकर सिंह, ओलंपिक संघ अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, क्रिकेट संघ के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह, सतेंद्र यादव, किशोर कुणाल, चंद्र बहादुर सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, दीपक कुमार, लक्ष्मण राम, कंचन कुमार और नीलकंठ सिंह सहित अन्य खेलप्रेमियों ने भी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने तथा अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर गढ़वा और झारखंड का नाम रोशन करने की अपील की। टीम के रवाना होने को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *