सीनियर पुरुष हॉकी टीम के गठन के लिए 30 अगस्त को खुला चयन ट्रायल
रांची में होगा ट्रायल, झारखंड के पुरुष हॉकी खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
रांची। 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की सीनियर पुरुष हॉकी टीम के गठन को लेकर 30 अगस्त 2026 को रांची में खुला चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 22 अक्टूबर 2026 तक राउरकेला, ओडिशा में होना है।
हॉकी झारखंड की ओर से खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 30 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में होगा। इसमें झारखंड के रहने वाले पुरुष हॉकी खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
हॉकी इंडिया आईडी और आधार कार्ड जरूरी
चयन ट्रायल में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया आईडी कार्ड और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
हॉकी झारखंड से जुड़े झारखंड राज्य के सभी पात्र पुरुष हॉकी खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हो सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी से संपर्क कर सकते हैं।
