खेल

कोर्ट से मैट तक गूंजा खेल प्रतिभाओं का जोश

70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए 1,391 खिलाड़ियों ने पेश की दावेदारी

रांची, 14 अगस्त। 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए आयोजित राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के तीसरे दिन शुक्रवार को खेलगांव के विभिन्न स्टेडियमों में बैडमिंटन, वॉलीबॉल और जूडो के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीनों खेलों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के कुल 1,391 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए दावेदारी पेश की।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) की ओर से आयोजित चयन प्रक्रिया में वॉलीबॉल के 923, जूडो के 370 और बैडमिंटन के 98 खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों का चयन उनकी तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना के आधार पर किया जा रहा है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खुली चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए व्यापक और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध करा रही है। खिलाड़ियों में राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर योग्य खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में करीब पांच हजार खिलाड़ी राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के विभिन्न खेलों में हिस्सा ले चुके हैं।

18 अगस्त से फिर शुरू होगा चयन

चयन प्रक्रिया का अगला चरण 18 अगस्त से शुरू होगा। इसमें तीरंदाजी, शूटिंग, ताइक्वांडो, कबड्डी और एथलेटिक्स के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम में जगह बनाने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *