नवल टाटा हॉकी झारखंड सब-जूनियर चैंपियनशिप का शानदार आगाज
पहले दिन सिमडेगा ने रामगढ़ को 18-0 से रौंदा, हजारीबाग ने पश्चिमी सिंहभूम को 11-0 से हराया
जमशेदपुर, 10 अगस्त। नवल टाटा हॉकी झारखंड सब-जूनियर राज्य हॉकी चैंपियनशिप 2026 का सोमवार को जमशेदपुर में शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की युवा टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन दिवस पर कुल चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सिमडेगा ने रामगढ़ को 18-0 से एकतरफा मुकाबले में हराया। वहीं एनटीएचए ने गुमला को 3-1 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में खूंटी ने रांची को 3-0 से पराजित किया। दिन के अंतिम मुकाबले में हजारीबाग ने पश्चिमी सिंहभूम को 11-0 से करारी शिकस्त दी।
उद्घाटन अवसर पर हॉकी झारखंड के डायरेक्टर जनरल विजय शंकर, महासचिव मनोज कोनबेगी, उपाध्यक्ष चंद्रेयी मजूमदार तथा सह संयुक्त सचिव गुरमीत सिंह राव उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता 10 से 12 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है। चैंपियनशिप के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों से आए युवा हॉकी खिलाड़ी अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
