9वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन
रांची। झारखंड सेपक टकरा संघ के तत्वावधान में 9वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता का रविवार को जिला स्कूल, रांची में भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 100 खिलाड़ी एवं अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपर सचिव दिलीप तिर्की उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गोविंद राम कटारुका विद्यालय, पुंदाग की प्राचार्य डॉ. शिप्रा प्रकाश मौजूद रहीं। इसके अलावा सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष उदय साहू, चंचल भट्टाचार्य, नूरुल होदा, शिवेंद्र नाथ दुबे, अमरेन्द्र दत्त द्विवेदी, राज किशोर एवं रौनक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सेपक टकरा जैसे खेलों को राज्य के विभिन्न जिलों में बढ़ावा देने से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का बेहतर अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी अलग-अलग मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय सेपक टकरा प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में किया जाएगा।
